कोरोना का टीका लगवाने पहुंचे 90 वर्षीय राम औतार।
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। शहर के हनुमंतपुरम त्रिपुला निवासी 90 साल के राम औतार शुक्रवार सुबह अकेले ही जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पहले अपना पंजीकरण कराया और बाद में कोरोना का टीका लगवाया।
टीका लगवाने में एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बुजुर्ग का सहयोग किया। टीका लगवाने के बाद राम औतार ने कहा कि हर किसी को अपने जीवन के बारे में सोचना चाहिए।
सरकार कोरोना से बचाने के लिए मुफ्त टीका लगवा रही है तो हम सभी को आगे आकर टीका लगवाना चाहिए। इसमें किसी को भी पीछे नहीं हटना चाहिए। बुजुर्ग ने जिले के लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि पिछले सोमवार से हर रोज जिला अस्पताल के साथ ही ब्लॉक स्तरीय सभी सीएचसी में हर रोज कोरोना के टीके लगाए जा रहे हैं। टीकाकरण सेंटरों ही पंजीयन की भी व्यवस्था की गई है।
वृद्धजनों के पहुंचने पर उन्हें तुरंत टीका लगाया जा रहा है। शुक्रवार को जिले में 3,128 लोगों में कोरोना का टीका लगाया गया। खासकर 90 वर्षीय बुजुर्ग राम औतार ने स्वयं ही जिला अस्पताल पहुंचकर कोरोना का टीका लगवाकर सभी को नसीहत दी है।