समन्वयक को आया चक्कर, इंजेक्शन लगते ही स्वस्थ
शहर के आईएमए भवन में कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। कोई जांच की औपचारिकता पूरा करा रहा है तो कोई नंबर आने का इंतजार कर रहा है। टीका लगने के बाद एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय को वेटिंग रूम में अचानक चक्कर आने लगा। इससे अफरातफरी मच गई। इंफेक्शन को रोकने के लिए पहले से ही मौजूद एसीएमओ डॉ. दिलीप कुमार की टीम ने मरीज के ब्लड प्रेशर की जांच की। एईएफआई (एडवर्स इफेक्ट फालोइंग इम्यूनाइजेशन) किट में रखा इंजेक्शन लगाया। कुछ ही मिनट बाद विनय स्वस्थ हो गए और मुस्कुराते हुए घर चले गए। ड्राई रन के दौरान यहां सीएमओ डॉ. बीरेंद्र सिंह सहित 50 लोगों ने टीका लगवाया। सभी लोग स्वस्थ रहे।
सीन दो-
हरचंदपुर में तीन को मिचली, एक को रेफर करने का ड्राई रन
हरचंदपुर सीएचसी में कोरोना के टीकाकरण का ड्राई रन चल रहा था। अचानक डेंटल हाईजेनिक अनिल कुमार को मिचली होने लगी। हालत नाजुक होने पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. शरद कुशवाहा की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को रेफर कर एंबुलेंस से भेजने का ड्राई रन किया गया। एएनएम दिव्या सिंह और आशा संगिनी मिथिलेश सिंह को भी मिचली होने लगी। टीकाकरण सेंटर पर ही इलाज के बाद ये स्वस्थ हो गए। टीकाकरण के दौरान सूची में शामिल लोगों का गेट पर ही स्क्रीनिंग की गई। जांच के बाद वेटिंग रूम में इंतजार करने के बाद टीका लगवाने का मौका दिया गया। सीएमओ डॉ. बीरेंद्र सिंह, एडीएम (प्रशासन) राम अभिलाष भी ड्राई रन का नजारा देखने के लिए पहुंचे।
सीन-3
स्टाफ नर्स, नोडल अफसर भी 30 मिनट में स्वस्थ
जिला महिला अस्पताल में कोरोना टीकाकरण चल रहा था। टीका लगवाने के बाद वेटिंग रूम में बैठीं स्टाफ नर्स रंजना त्रिपाठी को मिचली हुई। जानकारी होते ही सेंटर पर मौजूद डॉ. मीरा और डॉ. प्रियंका ने स्टाफ नर्स के बीपी की जांच के साथ ही इंजेक्शन लगाया। कुछ ही देर बाद स्टाफ नर्स स्वस्थ होकर घर चली गईं। डीह सीएचसी में नोडल अधिकारी रामबरन रावत को टीका लगते ही चक्कर आने पर अफरातफरी मच गई। हालांकि एईएफआई किट की मदद से समस्या को तुरंत दूर करवा दिया गया। बछरावां सीएचसी में टीका लगने के बाद स्टाफ के बीमार होने पर ड्राई रन के माध्यम से इलाज किया गया।
रायबरेली। जिले में कोरोना टीकाकरण की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। मंगलवार को कोरोना टीकाकरण का ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) किया गया। सीएमओ डॉ. बीरेंद्र सिंह समेत 286 लोगों में टीका का पूर्वाभ्यास कर तैयारियों को परखा गया। इस दौरान टीका लगने पर होने वाले इंफेक्शन से लेकर सेंटर पर ही इलाज की व्यवस्थाएं जांची गईं। मॉकड्रिल में आठ लोगों को बीमार दिखाकर उन्हें दवा खिलाई गई। चार से पांच मिनट में सभी स्वस्थ हो गए। रिस्पांस टाइम में सभी तैयारियां पुलफ्रूूफ मिलीं।
सुबह 10 बजे से ड्राई रन शुरू हुआ। शहर के आईएमए भवन और जिला महिला अस्पताल में बनाए गए टीकाकरण सेंटर पर जांच के बाद वेटिंग रूम और टीकाकरण कक्ष में टीके लगाने का पूर्वाभ्यास किया गया। हर सेंटर पर एक-दो लोगों को टीका लगने से इंफेक्शन होने का प्रदर्शन करवाया गया। चिकित्सकों की टीम द्वारा इलाज कर स्वस्थ होने का पूर्वाभ्यास भी हुआ।
डीएम वैभव श्रीवास्तव ने आईएमए भवन पहुंचकर ड्राई रन का निरीक्षण किया। डीह प्रतिनिधि के अनुसार, ड्राई रन में 54 में से 50 लोगों में टीका लगाने का पूर्वाभ्यास किया गया। एसीएमओ डॉ. खालिद रिजवान, डॉ. कृष्णा सोनकर, डॉ. एमके शर्मा आदि की मौजूदगी में ड्राई रन हुआ। टीका लगने के बाद नोडल अधिकारी रामबरन के बीमार होने और उन्हें स्वस्थ करने का पूर्वाभ्यास भी किया गया।
हरचंदपुर प्रतिनिधि के अनुसार, सीएचसी में ड्राई रन को देखने के लिए एडीएम (प्रशासन) राम अभिलाष भी पहुंचे। 43 लोगों में टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. शरद कुशवाहा, एसीएमओ डॉ. एके चौधरी आदि की मौजूदगी में पूर्वाभ्यास को पूरा कराया गया। बछरावां प्रतिनिधि के अनुसार, सीएचसी में कोरोना टीकाकरण को लेकर मंगलवार को पूर्वाभ्यास सफल रहा। जो कमियां मिलीं, उन्हें जल्द सुधारने का प्रयास किया जाएगा।
अमेठी उमा को आई मिचली, कुछ ही देर में हुई ठीक
फुरसतगंज (रायबरेली)। अमेठी जिले की फुरसतगंज सीएचसी में मंगलवार को कोरोना टीके का ड्राई रन हुआ। गेट पर ही हाथ थुलने के बाद उमा पाल जांच की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद टीका लगवाया। टीका लगते ही मिचली होने पर इलाज के संबंध में पूर्वाभ्यास किया गया। कुछ ही देर में उमा ठीक होकर घर चली गईं। डॉ. मनीष मौर्य ने मरीज का इलाज किया। एसीएमओ डॉ. राम प्यारे ने सीएचसी पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि 50 लोगों में टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया गया।