रायबरेली। शहर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई है। आए दिन कहीं न कहीं फाल्ट के चलते बत्ती गुल रहती है। इससे नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सोमवार रात प्रगतिपुरम विद्युत उपकेंद्र से निकला फीडर रात भर बंद रहा। सुबह बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। आए दिन बिजली जाने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रगतिपुरम फीडर से प्रगतिपुरम, छजलापुर व कल्लू का पुरवा समेत आसपास के मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति होती है। रात में तकनीकी खराबी से बत्ती गुल हो गई। सुबह करीब नौ बजे आपूर्ति शुरू हुई। लोगों को सबसे ज्यादा पानी की समस्या से जूझना पड़ा।
उपभोक्ता रमेश कुमार, पुष्पेंद्र द्विवेदी, राजकिशोर बाजपेयी, मनीष तिवारी व अंशु यादव ने बताया कि दिन भर बिजली आने-जाने का सिलसिला लगा रहता है। लगातार बिजली कभी नहीं मिलती न ही इसके लिए अभियंता प्रयास कर रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने बताया कि रात में बिजली नहीं आने अंधेरे में रहना पड़ा, वहीं सुबह पानी के लिए हैंडपंप पर लाइन लगानी पड़ी। समस्या से उपकेंद्र के अभियंता को अवगत कराया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सुबह करीब नौ बजे बिजली आई। उधर, अवर अभियंता प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि बूंदाबांदी से समस्या हुई थी। सप्लाई बंद होने के कुछ देर बाद आपूर्ति शुरू करा दी गई।