रायबरेली। दिल्ली से एक और कोरोना संक्रमित रायबरेली पहुंच गया। रैंडम जांच के लिए भरे गए सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित प्रवासी श्रमिक को लालगंज क्षेत्र के बरातीलाल सरस्वती विद्यामंदिर में बीती 12 मई से क्वारंटीन में रखा गया था।
संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उसे एल-1 हॉस्पिटल रॉयन इंटर नेशनल स्कूल में शिफ्ट कराया गया है। जिले में अब तक संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। इसमें एक और मरीज मिलने के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या सात हो गई है।
लालगंज क्षेत्र के भगवान बख्शखेड़ा गांव का रहने वाला अधेड़ दिल्ली रोजी-रोटी की तलाश में गया था। बीती 12 मई को वह वापस गांव आ गया। जिसके बाद उसकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। नौ प्रवासी मजदूरों की रैंडम सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया।
शनिवार को एसजीपीजीआई लखनऊ से रिपोर्ट आ गई। इसमें दिल्ली से आए अधेड़ में कोरोना का संक्रमण पाया गया। केस पॉजिटिव पाए जाने के बाद लालगंज क्षेत्र के बरातीलाल सरस्वती वरिद्यामंदिर में बीती 12 मई से क्वारंटीन मरीज को रॉयन इंटर नेशनल स्कूल में शिफ्ट करा दिया गया है।
कोरोना संक्रमण के बाद शहर के बटोही रिसॉर्ट में भर्ती किए गए मरीजों को अब सुल्तानपुर रोड स्थित रॉयन इंटर नेशनल स्कूल में शिफ्ट करा दिया गया है। शुरू से ही बटोही में बनाए गए एल-1 हॉस्पिटल में मरीजों को रखा गया। अब रसिॉर्ट में छुट्टी दे दी गई है। शनिवार को एंबुलेंस से कोरोना संक्रमित सभी पांच मरीजों को रॉयन स्कूल में शिफ्ट किया गया। इसके अलावा लालगंज क्षेत्र में संक्रमित मिले मरीजों को भी रॉयन स्कूल ही लाया गया है।