रायबरेली। जिले में कोरोना से मरने वालों का सिलसिला नहीं थम रहा है। रविवार को महिला समेत पांच लोग कोरोना से जंग हार गए। वहीं 69 लोग संक्रमित पाए गए। मरने वाले इन सभी संक्रमितों का रेल कोच फैक्टरी के एल-टू अस्पताल में इलाज चल रहा था।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि शहर के गोरा बाजार निवासी 85 वर्षीय व्यक्ति, ऊंचाहार क्षेत्र के पूरे गोसन निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति, जगतपुर क्षेत्र के महरानी का पुरवा निवासी 70 वर्षीय व्यक्ति, ऊंचाहार के पूरे मिश्रन निवासी 75 वर्षीय व्यक्ति, बछरावां क्षेत्र के सेंगहन निवासी 58 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत हो गई। ये सभी मौतें एल-टू अस्पताल रेल कोच फैक्टरी में हुुईं।
उन्होंने बताया कि 69 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसमें से कुछ को होम आइसोलेट कराया गया, जबकि कुछ मरीजों को कोविड अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई।
होम आइसोलेट मरीजों की मिलेगी ऑक्सीजन
शासन द्वारा होम आइसोलेट के मरीजों के लिए ऑक्सीजन व्यवस्था कराने के लिए जिले के कानपुर रोड शास्त्री नगर स्थित मेसर्स पुरुषोत्तम गैसेस सेंटर निर्धारित किया गया है।
ऑक्सीजन की व्यवस्था कराने के लिए तहसीलदार शालिनी सिंह को नामित किया गया है, जिनका मोबाइल नंबर 7906875384 है। कोई असुविधा होने पर मरीज तहसीलदार से संपर्क करके ऑक्सीजन पा सकते हैं।
एसडीएम ने लोगों को किया जागरूक
ऊंचाहार। कोरोना से लोगों को बचाने के लिए आशा बहुओं की अगुवाई में निगरानी समिति गठित की गई है। खासकर यह समिति गांव में बाहर से आने वाले लोगों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को देती है।
उनकी कोरोना जांच कराने के साथ ही जरूरी चिकित्सा भी मुहैया कराती है। एसडीएम राजेंद्र शुक्ला ने अरखा व जसौली गांव पहुंचकर गांव में निगरानी समिति के बारे में जानकारी ली।
एसडीएम ने लोगों से स्वास्थ्य विभाग से उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने गांव वालों को कोरोना से बचने के लिए मास्क लगाने, हाथों को बार-बार सैनिटाइज करने, साबुन से धोने व अनावश्यक घर से बाहर ना निकलने के लिए कहा।