जायस (रायबरेली)। अमेठी जिले के बहादुरपुर स्थित राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी) में चतुर्थ दीक्षांत समारोह का आयोजन 19 अक्तूबर को होगा, जिसमें 104 विद्यार्थियों को उपाधियां वितरित की जाएंगी।
इसमें विद्यावारिधि (पीएचडी) में चार, एमबीए पाठ्यक्रम में 37, बीटेक रासायनिक अभियांत्रिकी में 28, बीटेक पेट्रोलियम अभियांत्रिकी में 35 छात्र-छात्राओं को उपाधि एवं मेडल भेंट किया जाएगा।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पद्मश्री एवं शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से सम्मानित ओंकारनाथ श्रीवास्तव शामिल होंगे। शुक्रवार को संस्थान परिसर में प्रेसवार्ता करते हुए आरजीआईपीटी के निदेशक एवं विद्या परिषद के अध्यक्ष प्रो. अखौरी सुधीर कुमार सिन्हा ने बताया कि राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना वर्ष 2008 में राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में की गई थी।
यह संस्थान वर्तमान में दो स्तरीय बीटेक, दो स्तरीय एमटेक, एमबीए एवं पीएचडी पाठ्यक्रम प्रदान कर रहा है। इस अवसर पर कुलसचिव जितेंद्र प्रसाद, डॉ. उमा प्रसन्न ओझा, डॉ. देवाशीष जेना आदि उपस्थित रहे।
कक्षा 9 एवं 11 के बच्चों को पढ़ाएंगे
निदेशक ने बताया कि जल्दी ही जायस से लेकर गौरीगंज तक के कक्षा नौ एवं 11 के लगभग 50-50 बच्चों को भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं कंप्यूटर की शिक्षा देने का काम भी संस्थान करेगा। इन सभी बच्चों को संस्थान की बस लाएगी और वापस उनके घरों में छोड़ेगी।
सभी सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क रहेंगी। इससे संस्थान के आसपास ग्रामीण परिवेश में रहने वाले बच्चों का भविष्य संवर सकेगा और वे अच्छी पढ़ाई कर सकेंगे।