रायबरेली। जिले की एक अनुबंधित बस का चालक नशे की हालत में बस चलाते पकड़ा गया। अवध बस स्टेशन के सलाहकार आरएस वर्मा की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित चालक को काली सूची में डालने की कार्रवाई की गई है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने अन्य बस चालकों को भी कार्य संस्कृति में सुधार लाने की चेतावनी दी है।
रायबरेली से लखनऊ जा रही डिपो की एक अनुबंधित बस को अवध डिपो की टीम ने हाईवे पर रोककर बीती 11 मई को चालक की ब्रेथएनलाइजर मशीन से जांच की तो चालक के शरीर में शराब की मात्रा 94 मिलीग्राम प्रति लीटर मिली। नशे में धुत होने के बाद भी चालक हाईवे पर अनुबंधित बस चला रहा था। यह जांच टेस्ट पालीवार प्रभारी अनूप कुमार गुप्ता की टीम ने किया था।
रिपोर्ट आने के बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दिनेश चंद्र श्रीवास्तव ने गंभीर रुख अपनाया है। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चालक दीपक को हमेशा के लिए अनुबंधित बस चलाने के लिए ब्लैक लिस्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि मनमानी करने वाले चालकों को कतई बख्शा नहीं जाएगी। कोई भी चालक नशे की हालत में बसों को संचालन नहीं करेगा। इसके लिए उन्होंन वरिष्ठ केंद्र प्रभारी को निर्देश भी दिए।