रायबरेली। सदर तहसील के रहवां स्थित कोटे की दुकान के संचालक ने गरीबों के हिस्से का 210 क्विंटल अनाज बाजार में बेच दिया। सदर तहसीलदार के निर्देशन में हुई जांच में मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी कोटेदार के खिलाफ हरचंदपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सदर तहसीलदार प्रज्ञा द्विवेदी ने बताया कि फूड कार्पोरेशन ऑफ इंडिया की सलाहकार समिति के सदस्य गया प्रसाद शुक्ला की शिकायत पर रहवां कोटे की दुकान की जांच संयुक्त टीम से कराई। टीम में नायब तहसीदार, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान , आपूर्ति निरीक्षक व राजस्व निरीक्षक रहवां शामिल थे।
जांच में कोटेदार प्रमोद कुमार के खिलाफ राशन कार्डधारकों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन न देने व घटतौली करने का मामला पकड़ में आया। तहसीलदार सदर ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर आपूर्ति निरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्रा ने रहवां के कोटेदार प्रमोद कुमार के खिलाफ राशन की कालाबाजारी की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है। कोटे की दुकान के लाइसेंस को निरस्त करके नए सिरे से दुकान के चयन के आदेश दिए गए हैं।