ऊंचाहार। प्रेमिका के शादी से इन्कार करने से आहत एनटीपीसी श्रमिक ने बृहस्पतिवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया गया है।
हिसामपुर मजरे खुर्रमपुर गांव निवासी मनीष कुमार (19) एनटीपीसी की महाराष्ट्र के भुसावल स्थित परियोजना में मजदूरी करता है। मनीष का नरवापार मजरे ऊंचाहार देहात निवासी एक युवती से करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजनों ने उनकी शादी भी तय कर दी थी। बताया गया कि मनीष प्रेमिका का खर्च भी उठाता था।
कुछ दिन पहले युवती ने शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद मनीष भुसावल से घर आया और प्रेमिका से बातचीत कर उसे मनाने का प्रयास किया, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं हुई। इससे मनीष आहत था। उसके फूफा रज्जन ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर मनीष वापस भुसावल जाने के लिए ऊंचाहार रेलवे स्टेशन पहुंचा था।
इसी दौरान उसने प्रेमिका के वियोग में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी ले जाया गया। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल पांडेय ने बताया कि युवक की हालत में सुधार होने के बाद उसे घर भेज दिया गया है। सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।