सतांव। विद्युत उपकेंद्र अटौरा में बिजली कनेक्शन देने में पूरी तरह मनमानी बरती जा रही है। 150 मीटर दूरी को कागज पर 20 मीटर दिखाकर कनेक्शन देकर उपभोक्ताओं से जबरन वसूली की जा रही है। पीड़ित की शिकायत के बाद पॉवर कार्पोरेशन के जिम्मेदार अब मामले को दबाने की कोशिश में जुटे हैं।
पूरे महादेवन के जितेंद्र यादव ने डीएम को प्रेषित शिकायती पत्र में बताया कि किलौली कस्बे संचालित एक ढाबा को अटौरा विद्युत उपकेंद्र से कनेक्शन दिया गया है। बिना एस्टीमेट के अवर अभियंता ने तीन बिजली के पोल लगाकर कनेक्शन दे दिया। डीएम ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अवर अभियंता संजय भारती ने बताया कि जहां पर ढाबा है, वहां पहले से लाइन बनी थी। ढाबा के सामने खंभा लगा है। उससे उपभोक्ता को कनेक्शन दिया गया है। अधीक्षण अभियंता नेकी राम ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जाएगी। यदि कनेक्शन देने में मनमानी की गई है, तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)