रायबरेली। जिले में 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को समीक्षा बैठक हुई। खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को अभियान से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को शासन की मंशा के अनुरूप संचालित किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। इसका उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों, विभागवार कार्ययोजना, जनसहभागिता और योजनाओं के प्रचार-प्रसार समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को अभियान की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बैठक में सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, डीएम सरनीत कौर ब्रोका, सीडीओ अंजूलता, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह और जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संतोष कुमार गौतम मौजूद रहे।