रायबरेली। रेलवे स्टेशनों में संपर्क बना रहे, इसके लिए भूमिगत केबिल बिछाई गई है। अक्सर भूमिगत केबिल में फाॅल्ट आने या फिर कट जाने के कारण स्टेशनों के बीच संपर्क कट जाता है। यह समस्या उन स्टेशनों पर ज्यादा आती है, जिनके बीच दूरी बहुत अधिक है।
इस समस्या से निपटने के लिए लंबी दूरी वाले स्टेशनों को टावर से लैस किया गया। अब इन स्टेशनों का आपस में संपर्क नहीं टूटेगा। जैसे ही भूमिगत केबिल में दिक्कत आएगी, तुरंत ही टावर के लिए संपर्क जुड़ जाएगा। टावर से लैस किए जाने की व्यवस्था रायबरेली-प्रयागराज-कानपुर रेल लाइन पर हुई है।
वरिष्ठ खंड अभियंता (संकेत) सौरभ सिंह का कहना है कि जिन स्टेशनों के बीच दूरी बहुत अधिक है, वहां समन्वय बनाने में ज्यादा दिक्कत आती है। भूमिगत केबिलों में फाल्ट आते ही संपर्क टूट जाता है। इसीलिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टावर लगा दिए गए हैं, जिससे फाल्ट आने पर भी संपर्क नहीं टूटेगा।
वरिष्ठ खंड अभियंता (दूरसंचार) संदीप सोनकर ने बताया कि उनके कार्यक्षेत्र में पांच ब्लॉक सेक्शन हैं। इसके अंतर्गत आने वाले स्टेशनों दरियापुर, लक्ष्मणपुर, ऊंचाहार, जलालपुर धई, डलमऊ पर टावर लगे हैं। फाल्ट आते ही टावर के जरिए स्टेशनों का संपर्क जुड़ जाता है।