रायबरेली। अपराध को सहना सबसे बड़ा अपराध है, इसलिए किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देनी चाहिए। पुलिस आपकी सहायता के लिए तत्पर है। मोबाइल पर आने वाली लालच भरी कॉलों से सावधान रहें, क्योंकि अपराधी आपको साइबर ठगी का शिकार बना सकते हैं। आपकी सतर्कता ही ऐसे अपराधों को रोकने की कुंजी है। यह संदेश ऊंचाहार स्थित हरनारायण इंटर कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने दिया। उन्होंने छात्रों को सरकार की ओर से चलाई जा रही सुरक्षा और स्वावलंबन संबंधी योजनाओं के बारे में जानकारी लेने और जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे स्वयं, अपने परिवार और साथियों की मदद कर सकें।
ऊंचाहार के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार राय और एनटीपीसी चौकी इंचार्ज वागीश मिश्रा ने बताया कि कहीं भी कोई आपराधिक गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, चाहे वह आपके साथ हो रही हो या किसी अन्य के साथ। समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों को पकड़ने और बड़ी घटनाओं को रोकने में सफल होती है। इस अवसर पर महिला कांस्टेबल प्रभा कटियार और जूही मिश्रा ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी।
छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान
पुलिस की पाठशाला में छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया। कक्षा नौ की छात्रा स्नेहा ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी ली। इस पर सीओ ने 1930 हेल्पलाइन नंबर के बारे में पूरी जानकारी दी। लक्ष्मी, नंदिनी, प्रिया, अंशिका, अनुराधा, राधा, पायल, जागृति, आकांक्षा और हेमा ने सभी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्र अभय कुमार, निर्भय, सक्षम, कुशल, अनुभव, हेमेंद्र, राजेश कुमार, सुधीर, राजकुमार और अखिलेश कुमार ने यातायात नियमों के संबंध में प्रश्न पूछे। सीओ ने सभी के सवालों का जवाब दिया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह, संतोष सिंह, दिनेश कुमार मिश्र, आदेश कुमार गुप्ता, विवेक सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, कमलेश सिंह, ममता शुक्ला व आशुतोष मिश्र मौजूद रहे।