मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर बृहस्पतिवार को एफजी कॉलेज के मैदान का निरीक्षण करते डीएम, ए
रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 अगस्त को संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन की तरफ से सड़कों की मरम्मत समेत शहर को साफ सुथरा बनाने का कार्य कराया जा रहा है। सीएम योगी रायबरेली में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। एफजी कॉलेज के मैदान में सीएम की जनसभा की तैयारी की जा रही है। विधानसभा चुनाव से पहले सीएम योगी का रायबरेली दौरा अहम माना जा रहा है।
एक दिनी दौरे पर सीएम योगी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनी माधवबक्श सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। उनके नाम से 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का लोकार्पण भी करेंगे। कई अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। पुलिस लाइन, डिग्री कॉलेज, विकास भवन, इंदिरा नगर समेत मुख्यमंत्री के संभावित आवागमन मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, सौंदर्यीकरण, बैरिकेडिंग कराई जा रही है। पेड़ों की डालों की छंटाई की जा रही है।
सीएम योगी पुलिस लाइन में विशेष विमान से पहुंचेंगे, जहां से चार पहिया वाहन से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनी माधवबक्श सिंह का माल्यार्पण व ऑडिटोरियम का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद फिरोज गांधी कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे का कोई कार्यक्रम अभी तक नहीं आया है। प्रस्तावित दौरे को देखते हुए तैयारियां कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर बृहस्पतिवार को एफजी कॉलेज के मैदान का निरीक्षण करते डीएम, ए