रायबरेली। जिले के करीब तीन लाख किसानों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी उपलब्ध कराने के लिए सिंचाई विभाग माइनरों और रजबाहों की सिल्ट सफाई कराएगा। तैयार कार्ययोजना के तहत दो हजार किलोमीटरनहरों की सिल्ट सफाई का काम होगा। इस पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च होंगे। नहरों की सफाई होने से तीन लाख किसानों को सिंचाई के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। उन्हें आसानी से पानी उपलब्ध हो सकेगा।
सिंचाई विभाग ने इस बार रबी सीजन से पहले ही करीब दो हजार किलोमीटर माइनरों और रजबाहों की सफाई की कार्ययोजना तैयार की है। सिल्ट सफाई का काम समय से पूरा करने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। करीब दो माह तक चलने वाले कार्य के दौरान जिले की छोटी बड़ी नहरों व रजबाहों की सिल्ट सफाई का काम होगा।
जिले में सिंचाई विभाग के आठ खंडों की करीब 2300 किलोमीटर नहरें, लेकिन इसमें दो हजार किमी. नहरों की सफाई का काम ही पहले चरण में होगा। नहरों में सिल्ट व झाड़ियां उग जाने के कारण टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इस कारण किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी न मिल पाने से काफी परेशानी उठाना पड़ती है। रबी सीजन में किसानों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना न पड़े, इसके लिए सिंचाई विभाग ने पहले से ही नहरों की सफाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।