रायबरेली। जगतपुर क्षेत्र के अलावलपुर गांव में सोमवार शाम जानवर के घर के पास चले जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते-ही-देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक बकरी को भी पीटकर मरणासन्न कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अलावलपुर निवासी भल्लू ने बताया कि सोमवार शाम वह बाजार से घर लौटे थे। इसी दौरान उनका बेटा रोहित भैंस और अन्य जानवरों को चराकर वापस ला रहा था। रास्ते में एक भैंस विपक्षियों के दरवाजे पर चली गई। इसी बात से नाराज होकर करीब 10 लोग लाठी लेकर उनके घर के पास पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठियाें और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट में अत्यबारी, चमन और सीता को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने एक बकरी को भी बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद थाने की पुलिस ने घायलों का उपचार कराया।
क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि जानवर के घर के पास चले जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। तहरीर मिली है। मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज की जाएगी।