रायबरेली। पंचायत गेटवे पोर्टल के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था लागू होने के बाद भी ग्राम पंचायतों में मनमानी के मामले सामने आ रहे हैं। पोर्टल पर बिल-बाउचर अपलोड किए बिना ही भुगतान किए जा रहे हैं।
बछरावां ब्लॉक की मैनाहार कटरा ग्राम पंचायत में ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां 12 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया, लेकिन इससे संबंधित बिल-बाउचर पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए। बुधवार को जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर भुगतान से संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों में सभी प्रकार के भुगतान पोर्टल के माध्यम से ही करने के निर्देश हैं। भुगतान से पहले पंचायत सचिवों को संबंधित कार्यों के बिल-बाउचर और अन्य आवश्यक दस्तावेज गेटवे पोर्टल पर अपलोड करने होते हैं। समीक्षा के दौरान पाया गया कि बछरावां ब्लॉक की मैनाहार कटरा ग्राम पंचायत में एक समूह को 12 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया, लेकिन पोर्टल पर बिल-बाउचर अपलोड नहीं किए गए। इसके बजाय सादा कागज अपलोड किया गया था।
मामला सामने आने के बाद ग्राम विकास अधिकारी अजय कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे भुगतान से संबंधित सभी अभिलेख तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है। डीपीआरओ ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित पंचायत सचिव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों को भुगतान के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत को प्रतिदिन भुगतान की समीक्षा करने को कहा है।