डीह (रायबरेली)। एक माता-पिता को अपने बच्चे को ननिहाल में रखना महंगा पड़ गया। अब बच्चा उनके साथ नहीं रहना चाहता। मामला शनिवार को डीह थाने पहुंचा लेकिन कोई बात नहीं बनी। रोखा गांव निवासी वसीम व उसकी पत्नी नशीमा ने अपने बच्चे अल्फाज को 10 वर्ष पूर्व अपने मायके आशापुर थाना मोहनगज अमेठी उसकी नानी मुश्तरी बेगम के घर छोड़ आई थी और वहीं रहकर अल्फाज पढ़ने लगा था। उस समय अल्फाज की उम्र महज तीन साल की थी।
अब अल्फाज नानी व मामा के साथ इतना घुलमिल गया कि अपने माता-पिता के घर नहीं जा रहा है। इससे परेशान अल्फाज के माता-पिता ने पुलिस को तहरीर देकर अपने बच्चे को नानी से दिलाने की मंाग की। माता-पिता को गहरा झटका तब लगा जब थाने पहुंचे बच्चे ने माता-पिता के सामने घर जाने से मना कर दिया और ननिहाल में अपनी नानी के घर रहने को जिद करने लगा।
मां ने बच्चे को साथ ले चलने के लिए काफी रोई, लेकिन बच्चा अपनी जिद पर अड़ा रहा। अंत में बच्चा अपनी नानी के साथ ननिहाल चला गया और मां-बाप बिना बच्चे के खाली हाथ लौट गए। थानेदार जेपी यादव का कहना है कि अल्फाज माता-पिता के साथ नहीं रहना चाहता है।