रायबरेली। जिले में दुष्कर्म का शिकार छह साल की बच्ची को न्याय दिलाने के लिए एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें छह दिन में ही विवेचना कर ली गई। यही नहीं चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करके रोजाना इस मामले की सुनवाई के लिए याचना भी की गई है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र में छह वर्षीय दलित बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया था। इस मामले में हरचंदपुर थाने में 17 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले की जांच सीओ महराजगंज विनीत सिंह को मिली थी।
सीओ की अगुवाई में पुलिस ने 19 सितंबर को ही आरोपी राममिलन लोधी उर्फ पुल्ली को गिरफ्तार कर लिया था। एसपी स्वप्निल ममगाई ने विवेचक को मामले की विवेचना करके जल्द चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करने के निर्देश दिए थे।
एसपी के निर्देश पर सीओ ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए चार्जशीट तैयार करके कोर्ट में दाखिल कर दी। कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने के साथ ही सीओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत से प्रतिदिन सुनवाई करने की याचना भी की है।
सीओ का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए विवेचना करके कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई है। यह कार्य महज छह दिन में किया गया है। यह जिले का पहला मामला है, जिसकी विवेचना इतनी तेज की गई।