रायबरेली। हरचंदपुर के गुलुपुर स्थित एक निजी विद्यालय के पास बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक बालक की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर तीन लोग सवार थे। सभी नयापुरवा गांव में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
बछरावां के मदन टूसी निवासी प्रदीप का बेटा देवा (11) अपने रिश्तेदार दिनेश (33) व मिलन (22) के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में गुलूपुर के पास लखनऊ की तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। तीनों लोग घायल हो गए।
लोगों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टर ने देवा को मृत घोषित कर दिया। दिनेश को लखनऊ रेफर कर दिया। मिलन का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। गुलुपुर चौकी इंचार्ज भूपेंद्र भदौरिया ने बताया कि हादसेे में बालक की मौत हुई है।