रायबरेली। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में सहायिकाओं के 1033 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में आवेदन की तारीख बढ़ा दी गई है। 25 दिसंबर तक आवेदन होने थे, लेकिन आय, निवास और जाति प्रमाणपत्र बनने में देरी होने के कारण आवेदन तिथि बढ़ाकर चार जनवरी 2026 कर दी गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में सहायिकाओं के 1033 पद रिक्त हैं। इन पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के भी 13 पदों को भरा जा रहा है। पदों के सापेक्ष ऑनलाइन आवेदन 25 दिसंबर तक होना है। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के कारण तहसीलों से आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र बनने दिक्कतें हो रही है।
आरक्षित सीटों पर जाति प्रमाणपत्र लगाना अनिवार्य है। आवेदन के साथ निवास और आय प्रमाणपत्र भी लगाना है। सभी सीटों पर आवेदन को देखते हुए डीएम हर्षिता माथुर ने आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ा दी है। संशोधित तिथि तक होने वाले ऑनलाइन आवेदनों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।