रायबरेली में कस्बे के ईदगाह के पास खनन कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। खनन के दौरान खोदे गए गड्ढे में अचानक मिट्टी धंसने से दबकर दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को जब चारों श्रमिक गड्ढे के अंदर काम कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। देखते ही देखते चारों श्रमिक मिट्टी के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पास में ही दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मिट्टी भर रहे श्रमिक शोर सुनकर दौड़े और किसी तरह मिट्टी हटाकर चारों को बाहर निकाला। सभी घायलों को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नसीराबाद पहुंचाया गया।
सीएचसी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ आशीष कुमार ने जांच के बाद ब्रजेश कुमार कोरी (22) वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं हालत गंभीर होने पर ब्रजलाल और इरफान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान ब्रजलाल 60 वर्ष ने भी दम तोड़ दिया। इरफान की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है, जबकि रोहित का उपचार सीएचसी में जारी है।