रायबरेली। कोरोना संक्रमण के दौर में आमजन को विभिन्न सेवाओं के लिए भटकना न पड़े और सारी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकें, इसके लिए अब डाकघरों में भी कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना की जाएगी।
लखनऊ जीपीओ में पायलट फेज के तहत जिले के प्रधान कार्यालय के सेंटर का शुभारंभ हुआ है। जल्द ही जिले के अन्य डाकघरों में यह सेवा शुरू हो जाएगी। एक ही छत के नीचे लोगों को 73 प्रकार की सेवाएं मिलेंगी।
डाक निदेशक कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र हो या फिर पैन कार्ड और पासपोर्ट के लिए आवेदन कॉमन सर्विस सेंटरों में किया जा सकेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना के लिए आवेदन करना आदि लाभ भी डाकघरों से ही मिल सकेगा।
यहां तक कि मोबाइल और डीटीएच रिचार्ज, फास्ट टैग, बिजली, पानी, टेलीफोन, गैस के लिए भुगतान की सुविधा भी सेंटरों पर मिलेगी। बस, ट्रेन और फ्लाइट की टिकट बुकिंग भी लोग करवा सकेंगे।
कॉमन सर्विस सेंटरों में इस तरह की 73 सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि जिले के मुख्य डाकघर में ये सेवाएं बुधवार से शुरू हो गई हैं। जिले के अन्य डाकघरों में जल्द ही ये सेवाएं शुरू कराई जाएंगी।