रायबरेली। डीह ब्लॉक क्षेत्र के सरांयमानिक गांव में सामुदायिक प्रसाधन निर्माण में बाधा पहुंचाए जाने की शिकायत पर सलोन एसडीएम अंशिका दीक्षित तहसीलदार सलोन रामकुमार शुक्ला जांच करने पहुंचे।
जांच के दौरान शिकायत सही मिलने पर एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। वहीं एक व्यक्ति द्वारा विद्यालय की जमीन पर कराए जा रहे निर्माण को रोकवा दिया है।
सरांयमानिक गांव में सामुदायिक प्रसाधन का निर्माण हो रहा है। कुछ लोग पीपल के पेड़ के नीचे प्रसाधन निर्माण होने पर नाराजगी जताकर निर्माण कार्य रोकवा रहे थे। मामले की शिकायत मिलने पर रविवार को उपजिलाधिकारी अंशिका दीक्षित व तहसीलदार रामकुमार शुक्ला निर्माण स्थल पर पहुंचे।
प्रसाधन निर्माण में बाधा कर रहे लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराने का निर्देश दिया। इस पर लेखपाल दिनेश त्रिवेदी ने गांव के ही महावीर, कैलाश, लीला पत्नी कैलाश, हरिश्चंद्र के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है।
वहीं प्राथमिक विद्यालय सरांयमानिक की जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को एसडीएम ने रोकने के निर्देश दिए। उसे चेतावनी दी कि यदि कब्जा नहीं हटाया तो केस दर्ज कराया जाएगा। थानाध्यक्ष जेपी यादव ने बताया की लेखपाल की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्जकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।