सलोन (रायबरेली)। पशु आहार की दुकान पर छापे में पकड़े गए 153 बोरी पुष्टाहार के तार पड़ोसी जिले से जुड़े हैं। मामले में दुकान के मालिक व प्रतापगढ़ जिले के मुख्य सप्लायर समेत सात कारोबारियों के खिलाफ सलोन कोतवाली में केस दर्ज कराया गया है।
साथ ही गोरखधंधे में शामिल कारोबारियों तक पहुंचने को प्रतापगढ़ के अधिकारियों से संपर्क किया गया है। बरामद प्रतिबंधित इंजेक्शन की जांच के लिए ड्रग टीम ने सैंपल भरकर लखनऊ भेजा है। मामले में दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी को तलाश शुरू कर दी गई है।
एसओजी व पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम सलोन में जगतपुर रोड स्थित राधेश्याम पशु आहार की दुकान व गोदामों पर छापा मारा था। इसमें बच्चों और महिलाओं को दी जाने वाली दलिया की 153 बोरियां बरामद की गई थीं।
बरामद दलिया प्रतापगढ़ जिले के रामपुर खास आंगनबाड़ी केंद्र की है जिसमें केंद्र की मुहर लगी हुई है। मामले के तार पड़ोसी जनपद से जुड़े होने की पुष्टि भी हो गई है। शनिवार को ड्रग इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने प्रतिबंधित इंजेक्शन के नमूने सील करके जांच के लिए भेजे हैं। आरोपी घनश्याम के मुताबिक ताहिर नामक शख्स उसे पिकअप से डेलीवरी करता था, उसका बड़ा नेटवर्क है।
सलोन कोतवाल राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि सीडीपीओ सीता त्रिपाठी की तहरीर पर राधेश्याम अग्रहरि निवासी बेवली, ताहिर रानीगंज थाना लालगंज आझारा, दिलीप निवासी रेहुआ लालगंज आझारा, कृष्ण सरोज निवासी लोधन का पुरवा, बसंत लाल और मेवालाल के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। दुकानदार राधेश्याम अग्रहरि और कृष्ण सरोज को जेल भेज दिया गया है।