रायबरेली। शहर में सर्राफ के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद गुरुवार को कैपरगंज बाजार को पूरी तरह से सील कर दिया गया। घंटाघर चौराहा और खोयामंडी चौराहा पर बैरियर लगाकर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं कैपरगंज के बगल में ही सब्जी मंडी मार्केट में दिन भर चहल-पहल रही।
शहर में बुधवार को कोरोना के कई मरीज पाए गए थे। इसमें एक सर्राफ भी शामिल था। उसकी सोने-चांदी की दुकान कैपरगंज बाजार में होने के कारण पूरी मार्केट को गुरुवार को सील कर दिया गया है। इससे सर्राफ मंडी के साथ ही खोयामंडी को आने का रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया।
शहर कोतवाल अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कैपरगंज को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। बैरियरों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अन्य मोहल्लों को भी कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद सील कराया जा रहा है।