कैंडल जला शिक्षक की मौत पर जताया शोक
- फोटो : अमर उजाला
पुरानी पेंशन योजना को बहाल कराने के लिए लखनऊ में धरना दे रहे शिक्षकों पर लाठी चार्ज के दौरान हुई शिक्षक की मौत पर गुरुवार को बेहटा चौराहा स्थित हनुमान मंदिर में शोक सभा आयोजित हुई। शिक्षकों ने कैंडल जलाकर और दो मिनट का मौन रखकर शोक जताया।
अटेवा पेंशन बचाओ मंच उत्तर प्रदेश की सरेनी शाखा के संयोजक सुनील कुमार पाल ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों की मांगे न मानकर उनकी आवाज दबाने के लिए बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज किया। लाठी चार्ज में शिक्षक रामाशीष सिंह की मौत के अलावा कई शिक्षक घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने मृत शिक्षक को उचित सहायता तथा दोषी पुलिस के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई न की गई तो सभी संगठन मिलकर आंदोलन करेंगे। आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि शिक्षकों पर हुए लाठी चार्ज के विरोध में शुक्रवार को शिक्षक काला दिवस के रूप में मनाएंगे।
इस मौके पर राजेंद्र यादव, प्रकाशचंद्र यादव, राजेश यादव, आशीष पटेल आदि मौजूद रहे। वहीं आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यालय में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष जगजीवन प्रसाद शुक्ला, धर्मेश नारायण दीक्षित ने सरकार के तानाशाही रवैये की निंदा की।
कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक मदद मिलनी चाहिए। पारसनाथ पांडेय, शैलेश कुमार वाजपेयी ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे साथियों पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज करने की जितनी निंदा की जाए कम होगी। इस मौके पर रामू यादव, विमलशंकर मिश्र, कृष्णकांत आदि मौजूद रहे।