राजकीय आईटीआई में लगे मेले में पंजीकरण कराते अभ्यर्थी।
रायबरेली। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गोरा बाजार में शनिवार को अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन हुआ। इसमें इसी जिले के आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) के अलावा इंडस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। सबसे ज्यादा अभ्यर्थी आरेडिका में भर्ती के लिए साक्षात्कार देने पहुंचे। साक्षात्कार देने आए अभ्यर्थियों की संख्या 550 रही, जिनमें से 185 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया।
अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेने के लिए अप्रेंटिसशिप मेले में मॉडर्न रेल कोच फैक्टरी लालगंज से जेडएम खान, मनीष कुमार समेत एक टीम आई। इंडस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से पंकज कुमार यादव ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। कोच फैक्टरी ने 165 अभ्यर्थियों को चयनित किया, जबकि इंडस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने 20 अभ्यर्थी चयनित किए गए। इन सभी अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
प्रधानाचार्य विवेक कुमार तिवारी ने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप एक्ट के अनुसार मानदेय मिलेगा। इस मौके पर राज कुमार मौर्या, सीएम श्रीवास्तव, शोभा, वर्तिका, प्रियंका, मीनू, गायत्री धर, विनोद भास्कर, जयदीप, धीरेंद्र आदि मौजूद रहे।