रायबरेली। एनसीसी से जुड़े विभिन्न विद्यालयों के 512 कैडेट सैनिक बनने के गुर सीख रहे हैं। इनका प्रशिक्षण नवोदय विद्यालय परिसर में 13 मई से शुरू हुआ जो 22 मई तक चलेगा। सातवें दिन सोमवार को भी अलग-अलग गतिविधियों में कैडेट्स ने भाग लिया।
एनसीसी की 66वीं यूपी बटालियन की ओर से आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में जिले भर से आए कैडेट प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें सीनियर डिवीजन के 118, सीनियर विंग के 58, जूनियर डिवीजन के 221 एवं जूनियर विंग के 115 कैडेट शामिल हैं।
इस शिविर में वेपन इक्विपमेंट, महिलाओं के सम्मान, देश सेवा के लिए तत्पर रहना, स्वयं की सुरक्षा एवं अनुशासन पर ध्यान केंद्रित करते हुए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी गतिविधियां सुबह या शाम को होती हैं। कैंप कमांडेंट कर्नल वीएस पाल की देखरेख में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण देने का काम सूबेदार मेजर नरेश कुमार, सूबेदार दर्शन सिंह, सूबेदार देवेंद्र सिंह, कैप्टन पुनीत तिवारी, कैप्टन राजेश वर्मा, लेफ्टिनेंट नूपुर शर्मा, यादवेंद्र बाजपेयी, संतोष मौर्य आदि कर रहे हैं। सोमवार सुबह पीटी, योग और ड्रिल के अभ्यास से गतिविधियों की शुरुआत हुई।
प्रशिक्षण में अब तक कैडेटों को पॉइंट 22 राइफल को खोलना, जोड़ना और फायरिंग के पोजीशन की जानकारी दी जा चुकी है। फील्ड सिग्नल और सेक्शन फॉर्मेशन के बारे में भी बताया गया। युद्ध के दौरान कैसी कार्रवाई की जानी है, इसका प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। कैडेटों के उनके कर्तव्यों और भूमिका के बारे में भी बताया गया।