बछरावां थाना क्षेत्र में गुरुवार को टायर पंक्चर होने से टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे गंभीर रूप से घायल आलू व्यापारी व टेम्पो चालक की मौत हो गई। जबकि तीन यात्री घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब चालक यात्रियों को लेकर महराजगंज की तरफ जा रहा था।
बीच सड़क पर टेम्पो पलटने के कारण एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने टेम्पो को रोड से हटवाकर आवागमन बहाल कराया।
बछरावां कस्बे से एक टेम्पो यात्रियों को भरकर महराजगंज की तरफ जा रहा था। चालक समेत पांच यात्री टेम्पो पर थे।
जबकि उसके ऊपर आलू की कई बोरियां लादी गई थीं। बछरावां-महराजगंज रोड पर मलिकपुर सरैय्या गांव के पास टेम्पो के आगे वाला पहिया पंक्चर हो गया। इससे टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क के बीचो-बीच पलट गया। मौके पर पहुंचे थुलेंडी चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से उस पर सवार सभी यात्रियों को बाहर निकाला।
इसमें गंभीर रूप से घायल आलू व्यापारी अकरम अली (70) निवासी अटरा और टेम्पो चालक नीलू उर्फ अमरेश कुमार (35) निवासी हरदोई थाना बछरावां को सीएचसी के डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा अब्दुल अली (55), जमीमुलनिशा (40) निवासी हरदोई समेत तीन लोग घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
बीचोबीच सड़क पर टेम्पो पलटने के कारण आवागमन भी प्रभावित रहा। ग्रामीणों के सहयोग से टेम्पो को बाहर कराकर यातायात बहाल कराया। टेम्पो पर लदा आलू सड़क किनारे रखा गया। थानेदार कमलेश पांडेय का कहना है कि टायर पंचर होने के कारण टेम्पो पलटने के कारण चालक समेत लोगों की मौत हो गई है।