रायबरेली। सावन के पहले सोमवार पर भोर से ही भक्तों का रैला उमड़ पड़ा। हाथ में जलाभिषेक के लिए पानी और पूजन सामग्री लिए भक्तों की शिव मंदिरों में लंबी-लंबी लाइनें लगी थीं। क्या महिला, पुुरुष और क्या बच्चे। हर किसी में पूजा-अर्चना के लिए उत्साह देखते ही बन रहा था। कई जगहों पर ऊं नम शिवाय के जाप हुए। कई लोगों ने इस दिन व्रत भी रखा।
शहर के डिग्री कॉलेज स्थित पहलवान वीर बाबा, सुपर मार्केट स्थित श्री जगमोहनेश्वर शिव मंदिर, इंदिरा नगर स्थित महाकाल मंदिर में भोर से ही पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। श्री जगमोहनेश्वर शिव मंदिर में ऊं नम शिवाय का जाप भी हुआ। इसके अलावा जिले के अंचलेश्वर मंदिर हरचंदपुर, सोहलेश्वर मंदिर सरेनी, महेश्वरनाथ मंदिर सूची, गौरीशंकर महादेव मंदिर ऊंचाहार, नेवारेश्वर मंदिर भवानी नगर में भी जलाभिषेक के लिए भक्तों की लाइनें लगी रही।
बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के सुदौली गांव के सई नदी तट स्थित पौराणिक भंवरेश्वर शिव मंदिर पर पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। साथ ही यहां पर लगने वाले मेले की भी शुरुआत हुई। ऊंचाहार प्रतिनिधि के मुताबिक महादेवन मंदिर में नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने श्रद्धालुओं के लिए गंगा जल की व्यवस्था कराई।
क्षेत्र में मिर्जापुर ऐहरी गाँव के बूढ़े बाबा मंदिर, बड़ा गाँव के गौरी शंकर मंदिर, नजनपुर गाँव के नील कंठेश्वर मंदिर में भक्तों ने जलाभिषेक किया। खीरों प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के मथुराखेडा के तालेश्वर मंदिर, खीरों कस्बा के रामेश्वरधाम, रनापुर के गंगेश्वरधाम, पाहो के वनखंडेश्वरधाम, अतरहर के फटहेश्वरधाम, गहिरी के गहिरेश्वरधाम, सातनपुर के सतनेश्वरधाम, बरभनखेडा के शंभूनाथ धाम अन्य शिवालयों में भक्तों ने जलाभिषेक किया।
इन्हौना प्रतिनिधि के मुताबिक सिंहपुर के सुप्रसिद्ध बाबा दतहरेश्वर धाम में जलाभिषेक करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। सेमरौता निवासी आचार्य चंद्रमणि पांडेय ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है। इन्हौंना स्थित बाबा रत्नेश्वर धाम, राजा फत्तेपुर स्थित झारखंडेश्वर महादेव, सेमरौता में बाबा आनंदेश्वर महादेव, बाबा उजियारनाथ महादेव मंदिर पर भक्तों ने जलाभिषेक कर सर्व मंगल की कामना की। रामपुर पंवारा स्थित बाबा दतहरेश्वर धाम में पूजा अर्चना के लिए भक्त उमड़े।
महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे के सुप्रसिद्ध बाबा दानेश्वर मंदिर व कैरेस्वर मंदिर, पाराकला के गौरीशंकर महादेव के अलावा अटरा, हरदोई, राजापुर, पुरासी, जनईएमऊ गर्बी हलोर पुरासी के शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों श्रद्धालुओं का जलाभिषेक के लिए तांता लगा रहा। सलेथूू गांव के न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल में सावन के पहले सोमवार को भक्ति के साथ मनाया गया।
प्राचार्य राजीव सिंह के नेतृत्व में कोऑर्डिनेटर रजनी श्रीवास्तव, स्वप्निल शुक्ला, मोहित श्रीवास्तव, मंजली, भूपेंद्र शुक्ला, कमल श्रीवास्तव ने शिव-पार्वती का पूजन किया।