रायबरेली। किशोरी को परेशान करने और जेवरात खरीदने वाले सराफा व्यवसायी को डलमऊ पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल के मुताबिक डलमऊ क्षेत्र की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी कक्षा नौ की छात्रा है। इंटर में पढ़ने वाले छात्र ने किशोरी का यौन शोषण किया। उसका अश्लील वीडियो भी बनाया।
किशोरी को ब्लैकमेल करके आरोपी ने उसके घर से सोने-चांदी के जेवरात मंगाए और घुरवारा गांव निवासी सराफा व्यवसायी प्रियांशू द्विवेदी के यहां बेच दिया। पीड़िता की तहरीर पर 16 जून को आरोपी इंटर के छात्र पर यौन शोषण करने का केस दर्ज किया गया था। बुधवार को पुलिस ने छात्र को जेल भेज दिया था।
बृहस्पतिवार सुबह सराफा व्यवसायी को भी जेल भेजा गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सराफा व्यवसायी भी छात्रा को परेशान करता था। जबरन घर से जेवरात लाकर बेचने का दबाव बनाता था।