सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को सवारियां उतार रही बस में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बस में सवार छह लोग घायल हो गए।
घायल निजी चिकित्सक से इलाज कराकर घर चले गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक के चालक व खलासी भाग निकले।
रायबरेली डिपो के बस चालक महेंद्र कुमार सिंह कानपुर से सवारियां लेकर रायबरेली आ रहा था। शहर के रानानगर के पास बस खड़ी करके सवारियों को उतारने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी।
इससे जहां बस में सवार राजीव, एसपी वर्मा, उमेश, बबलू, अनिल, शाहिल घायल हो गए वहीं गाड़ी के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। काफी देर तक यातायात बाधित रहा। ट्रक चालक भाग निकला।