अमावां। उप परिवहन आयुक्त राधेश्याम और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) लखनऊ अरुण वाष्णेय ने मंगलवार को एआरटीओ कार्यालय में अधिकारियों की क्लास ली। करीब चार घंटे तक कार्यालय में खामियों पर बात की। अधिकारियों को ईमानदारी से काम करने के सख्त निर्देश दिए। कहा दफ्तर में दलालों का प्रवेश कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वाहन मालिकों व अन्य लोगों को बेहतर सुविधा दी जाए। किसी को भी दौड़ाया न जाए। इसकी शिकायत किसी भी स्तर से नहीं आनी चाहिए। मंगलवार को अधिकारी अपराह्न करीब 12 बजे एआरटीओ कार्यालयों हरदासपुर पहुंचे। साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव को जांचा। बिचौलियों की सक्रियता रोकने और सीधे जनता के काम समय पर करने के निर्देश दिए। बिना फिटनेस के संचालित वाहनों पर कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों के आने की भनक तक किसी को नहीं लगी। कार्यालय में गुटखा खाने वाले लोगों को प्रतिबंधित करने के साथ ही जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उप परिवहन आयुक्त ने बताया कि कमियों को दुरुस्त करने व दलालों पर प्रतिबंध लगाकर आम जनता का काम सीधे करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर एआरटीओ प्रवर्तन उमेश कटियार, आरटीओ प्रशासन अरविंद कुमार यादव आदि मौजूद रहे।