रायबरेली। देवानंदपुर वार्ड के नौ मोहल्लों में टूटी पानी की पाइप लाइन ठीक कर दी गई है। इसके बाद पेयजल आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है। इससे करीब 22 हजार लोगों ने राहत की सांस ली है।
दरअसल, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड शहर में गैस पाइप लाइन बिछा रहा था। इस कार्य के दौरान पानी की पाइप लाइन टूट गई थी। देवानंदपुर, बंशीधर का पुरवा, धमसी राय का पुरवा और नई बस्ती समेत नौ मोहल्लों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई थी। इन मोहल्लों में रहने वाले 22 हजार लोग पानी को तरस रहे थे।
अमर उजाला ने बीती 12 जून को इस समस्या पर खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह के निर्देश पर पालिका की टीम ने टूटी हुई पाइप लाइन को ठीक कर दिया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है।