लालगंज। बछरावां रोड पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से ई रिक्शा सवार आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहनों समेत आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरे दुबेन मजरे शहजौरा निवासी पूजा शुक्ला अपने आठ वर्षीय बेटे विहान और बेटियों अंशिका व पीहू के साथ ई रिक्शा से लालगंज मेला देखने जा रही थीं। ई रिक्शा पूरे भीखी निवासी अनुराग पाल (48) चला रहे थे। उसमें अन्य यात्री भी सवार थे।
बन्नामऊ गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार चौपहिया वाहन की ई रिक्शा से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ई रिक्शा सड़क पर पलट गया और दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विहान को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल ई रिक्शा चालक अनुराग, शांति देवी और अंशिका समेत अन्य को जिला अस्पताल रेफर किया गया। सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि परिजनों ने बालक के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। मृतक के बाबा प्रवेश शंकर शुक्ल के लिखित अनुरोध पर शव परिजनों को सौंप दिया गया। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
बेटे की मौत से बेसुध हुई मां
हादसे में बेटे को खोने वाली पूजा शुक्ला का करुण क्रंदन सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पूजा ने बताया कि वह बच्चों को मेला दिखाने और झूला झुलाने के लिए लालगंज जा रही थीं। पहले मंगलवार को मेले में जाने की योजना थी, लेकिन बच्चों की जिद पर सोमवार को ही घर से निकल पड़ीं। विहान मेले में जाने को लेकर बहुत उत्साहित था। वह ई रिक्शा में चालक के बगल वाली अगली सीट पर बैठा था। घटना से पिता राहुल भी रो-रोकर बेहाल दिखे।
लालगंज सीएचसी में इलाज कराती सड़क हादसे में घायल बालिका।
लालगंज सीएचसी में इलाज कराती सड़क हादसे में घायल बालिका।
लालगंज सीएचसी में इलाज कराती सड़क हादसे में घायल बालिका।