रायबरेली में शुक्रवार को लालगंज में रायबरेली रोड स्थित रेलवे फाटक के बूम को उठाकर निकलते राहगीर
लालगंज (रायबरेली)। रायबरेली रोड स्थित रेलवे फाटक संख्या 71 बी पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। सुबह करीब 10:50 बजे कानपुर की ओर से एक रेल इंजन गुजरा। जिसके कारण गेट को बंद कर दिया गया। इंजन निकलने के बाद जैसे ही गेटमैन ने बूम को ऊपर उठाना शुरू किया, अचानक उसे खींचने वाला तार टूट गया। जिसके कारण वह नीचे गिर गया। जल्दी निकलने के चक्कर में कई बाइक सवार बूम की चपेट में आ गए, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।
बूम के गिरने से मौके पर अफरातफरी मच गई। करीब 10 मिनट तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। बाद में रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से बूम को फिर से ऊपर उठाया गया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य हुआ। स्टेशन अधीक्षक श्यामलाल ने बताया कि यह घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई है। सूचना मिलने पर रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वायर को ठीक कर दिया गया।