डलमऊ-घुरवारा (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में रायबरेली-डलमऊ राजमार्ग पर मधुकरपुर मजरे रायपुर टप्पा हवेली के पास बोलेरो और टेंपो में टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों पर सवार 13 श्रद्धालु घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी डलमऊ भेजा गया। जहां से छह लोग जिला अस्पताल रेफर किए गए। देर रात जिला अस्पताल में मालती की मौत हो गई। बोलेरो सवार गंगा स्नान करने के बाद वापस लौट रहे थे, जबकि टेंपो चालक सवारियां लेकर डलमऊ जा रहा था।
अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पूरे नगरहन का पुरवा निवासी कुछ लोग बोलेरो पर सवार होकर डलमऊ गंगा स्नान आए थे। मधुकरपुर के पास सामने से सवारियां भरकर आ रहे टेंपो से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
इससे बोलेरो चालक निधि तिवारी के अलावा चंद्रावती तिवारी, विपिन पांडेय, रमेश तिवारी, वसंत कुमारी, आदर्श तिवारी और अर्जुन रैदास घायल हो गए।
वहीं टेंपो पर विमलेश कुमार, मालती, रामकशोर, विजय कुमार, अमित कुमार व आशुतोष घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां टेंपो पर सवार छह लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में घायल मालती की मौत हो गई। बताया, तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।