नसीराबाद। क्षेत्र के डूडी बरगदही गांव में शुक्रवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में शारदा प्रसाद का शव घर से करीब 50 मीटर दूर सड़क पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को सड़क दुर्घटना बता रही है।
डूडी बरगदही निवासी शारदा प्रसाद (43) मूल रूप से फुरसतगंज थाना क्षेत्र के पहले पार गांव के रहने वाले थे। वह पिछले करीब 15 वर्षों से अपनी ससुराल डूडी बरगदही में पत्नी के साथ रह रहे थे। शुक्रवार शाम करीब सात बजे उनका शव घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर सड़क पर पड़ा मिला। उनके सिर में गंभीर चोट के निशान थे।
पत्नी रामपती ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि पति सड़क पर गिरे पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर उनकी मौत हो चुकी थी। सिर पर गंभीर चोट लगी हुई थी। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
सलोन क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।