जगतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह नीली बत्ती लगी कार की टक्कर से स्कूटी सवार एक सहायक अध्यापिका की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
यह घटना उस वक्त हुई जब दोनों एक ही स्कूटी से विद्यालय जा रही थीं। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर भाग गया। घायल शिक्षिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गोरा बाजार निवासी आकांक्षा गहरवार (35) पत्नी विक्रांत सारंग जगतपुर के कल्याणपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में और इंदिरा नगर निवासी रिंकू पाल प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात हैं।
बुधवार को दोनों एक ही स्कूटी से स्कूल जा रही थीं। स्कूटी आकांक्षा की थी और वह खुद चला रही थी। लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर पूरे झाम गांव के पास सामने से आई नीली बत्ती लगी कार ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने दोनों को सीएचसी जगतपुर में भर्ती कराया। सूचना पर आकांक्षा के परिवारीजन पहुंचे। घायलों की हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहां ले जाते समय आकांक्षा ने रास्ते में दम तोड़ दिया। एसओ कमलेश पांडेय का कहना है कि नीली बत्ती लगी कार किसकी है, इसका पता नहीं चल सका। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर इसका पता लगाया जाएगा।