रविवार को सुपर मार्केट स्थित हैनीमैन पार्क में प्रयास एक कदम कार्यक्रम के तहत 500 काले गुब्बारे छोड़कर विरोध जताया गया। इसके बाद पैदल मार्च निकालकर निर्भया को श्रद्धांजलि दी गई।
बाबू भानु प्रताप सिंह मेमोरियल बैनर तले अपराह्न करीब तीन बजे युवक-युवतियां हैनीमैन पार्क में एकत्र हुए। यहां पर निर्भया कांड के आरोपी नाबालिग को कम सजा दिए जाने पर नाराजगी जताई।
प्रबंधक शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज में ऐसे गंभीर अपराध करने वाले को कठोर सजा देने की जरूरत है। ऐसे अपराध करने वाले को कभी बख्शा नहीं जाना चाहिए।
संस्थापक आकाश शर्मा ने कहा कि निर्भया कांड ने समाज को झकझोर दिया। काला गुब्बारा छोड़े जाने के बाद पैदल मार्च निकाला गया जो सुपर मार्केट से प्रारंभ होकर हाथी पार्क, कचहरी रोड, डिग्री कॉलेज चौराहा होते हुए शहीद चौक पर पहुंचा। इस मौके पर रिशभ सिंह, नितिश, रवि कुमार, रिशि सिंह मौजूद रहे।