रायबरेली। छीछेमऊ गांव के पास बुधवार शाम रंजिश के कारण भाजपा के जगतपुर मंडल उपाध्यक्ष पर हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें मंडल उपाध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गए।
पूरे कुमेदान निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अंकित द्विवेदी बुधवार शाम को तिवारीपुर निवासी विपिन तिवारी के साथ बाइक से ककोरन जा रहे थे। आरोप है कि जैसे ही उनकी बाइक छीछेमऊ गांव के पास पहुंची, पहले से घात लगाए छह से अधिक हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
हमले के दौरान विपिन तिवारी भाग निकले, जबकि अंकित द्विवेदी को हमलावरों ने घेरकर बेरहमी से पीटा। मारपीट में उनके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रंजिश का प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी