लालगंज के नई बाजार मोहल्ले में आग से जलती बाइक।
लालगंज। मोहल्ले में मंगलवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब तेजगांव काॅम्प्लेक्स के सामने जाम में फंसी एक बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही पल में बाइक आग का गोला बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सराफा मंडी निवासी एक युवक अपनी बाइक से डिग्री कॉलेज की ओर जा रहा था। जाम के कारण वह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था।
तेजगांव कांप्लेक्स के सामने पहुंचते ही बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा। युवक ने नजदीक के एक सब्जी विक्रेता से पानी लेकर बाइक के इंजन में डाला, लेकिन बुझने के बजाए आग भड़क उठी। घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। आसपास के दुकानदारों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की।
फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक बाइक जल गई। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से गायब हो गया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। बाइक किसकी है, इसकी पहचान की जा रही है।