हलोर। महराजगंज और अमेठी जिले के शिवरतनगंज सीमा पर बाइक सवार युवक आगे चल रहे ट्रक से भिड़ गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
महराजगंज के कैड़ावां गांव निवासी अंकित मौर्य (22) बृहस्पतिवार को किसी काम से सेमरौता गए थे। देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। सेमरौता-महराजगंज मार्ग पर पुंडा मोड़ के पास बाइक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अंकित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
राहगीरों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों का कहना है कि हादसे के समय युवक हेलमेट नहीं लगाए था। यदि हेलमेट लगाए होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। शिवरतनगंज थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।