सतांव। गुरुबख्शगंज क्षेत्र में मंगलवार को बांदा-बहराइच मार्ग पर अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार प्रेम शंकर (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी जतुआ टप्पा में भर्ती कराया है।
प्रेम शंकर खीरों थाना क्षेत्र के बरवलिया गांव के निवासी हैं। वह मंगलवार शाम करीब चार बजे कृष्णपुर ताला से अपने घर लौट रहे थे। बीझं गांव के पास सामने से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गई। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से भाग गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।