बछरावां। हसनगंज इसिया संपर्क मार्ग पर नहर के निकट बीती शनिवार की रात तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। दूसरे का इलाज चल रहा है।
बछरावां के इसिया निवासी बाइक सवार युवक अमन (18) पुत्र राजेश अपने साथी अंशू (19) पुत्र रमेश के साथ शनिवार की रात अपने गांव वापस जा रहे थे। नहर के उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए।
दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों एंबुलेंस से दोनों को इलाज के लिए सीएचसी बछरावां पहुंचाया। चिकित्सक प्रभात मिश्रा ने हालत नाजुक होने पर दोनों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान अमन की मौत हो गई। अंशू का गंभीर हालत में इलाज किया जा रहा है। अमन की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाल श्याम कुमार पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।