फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: ओवरलोड ट्रक से भिड़ी बाइक, एक की मौत, दो घायल

Wed, 10 Dec 2025 12:26 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
गदागंज। भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे एक बाइक पर सवार तीन श्रमिकों की मंगलवार सुबह पुलिस बूथ गदागंज के पास एक ओवरलोड ट्रक से भिड़ंत हो गई। इसके बाद बेकाबू ट्रक किनारे पर मौजूद फल ठेला और फास्ट फूड की दुकान पर जाकर पलट गया। हादसे में बाइक पर सवार एक श्रमिक की ट्रक के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य साथी घायल हो गए। गनीमत रही कि हादसे के समय फल और फास्ट फूड दुकानदार मौके पर नहीं थे।
विज्ञापन

इससे गुस्साए व्यापारियों व क्षेत्रीय लोगों ने रास्ता जाम कर चौराहा पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोक निर्माण विभाग के अफसरों और पुलिस ने ब्रेकर बनवाने जाने का भरोसा देकर स्थिति को संभाला। इसके बाद ही व्यापारियों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया।
भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे खलार मजरे बेलागुसीसी गांव निवासी अमन कुमार (18), जगतपुर थाना क्षेत्र के तिवारी का पुरवा निवासी सतेंद्र कुमार (22), हरदीटीकर गांव निवासी जगदीश (32) गदागंज इलाके के एक भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। सुबह करीब 6.30 बजे तीनों युवक बाइक से दीनशाहगौरा से जलालपुर धई की तरफ भट्ठे पर जा रहे थे। इसी दौरान मौरंग लदा एक ओवरलोड ट्रक डलमऊ से ऊंचाहार की तरफ जा रहा था।
विज्ञापन

गदागंज चौराहा स्थित पुलिस बूथ के पास अचानक बाइक और ट्रक आमने-सामने आ गए। चालक ट्रक पर नियंत्रण न रख पाने से बाइक सवार युवकों को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर फल ठेला और फास्ट फूड की दुकान पर जाकर पलट गया। इस दौरान ट्रक के नीचे दब जाने से अमन की मौके पर मौत हो गई, जबकि सतेंद्र व जगदीश सड़क से दूर गिर कर घायल हो गए।
पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से ट्रक के नीचे दबे अमन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। हादसे में घायल दोनों युवकों को सीएचसी दीनशाहगौरा में भर्ती कराया गया। हादसे में फल ठेला व फास्ट फूड की दुकान पर रखी मेज व कुर्सियां टूट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों व चालक ने हेलमेट नहीं लगा रखे थे।
घटना से आक्रोशित गदागंज व्यापार मंडल अध्यक्ष इंतजार सिंह की अगुवाई में अनिल सविता, अर्पित मोदनवाल, राजेश सिंह, जितेंद्र आदि व्यापारियों ने रायबरेली-दीनशाहगौरा रोड जाम करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि आए दिन ओवरलोड वाहनों से हो रहे हादसों के बाद भी जिम्मेदार इसकी रोकथाम को लेकर उदासीन बने हैं। नाराज व्यापारी गदागंज चौराहे पर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग कर रहे थे। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता दिलीप वर्मा ने मौके पर पहुंचकर जल्द ही ब्रेकर बनवाने का भरोसा दिलाया। जिसके बाद ही व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन खत्म किया। कार्यवाहक गदागंज थाना प्रभारी मो. मुकरिम ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
नहीं थम रहे परिजनों के आंसू
बेलागुसीसी गांव निवासी अमन की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। पिता राजकुमार, मां किरन देवी के आंसू थम नहीं रहे हैं। माता-पिता ने बताया कि बेटे की शादी अभी नहीं हुई थी। मजदूरी करने के लिए भट्ठे पर जा रहा था। यकीन नहीं हो रहा है कि उनका बेटा इस दुनिया में अब नहीं रहा। भाई गगन, विमल के अलावा बहन आरती के आंसू भी थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
सख्ती के बाद भी दौड़ रहे ओवरलोड वाहन
रायबरेली-फतेहपुर के एआरटीओ और कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद भी जिले में ओवरलोड वाहन बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि फतेहपुर से डलमऊ होते हुए ऊंचाहार की तरफ ओवरलोड वाहनों का संचालन होता है। मौरंग, गिट्टी लदे वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें