ऊंचाहार। जब्बारीपुर गांव निवासी शिवबहादुर (48) पेशे से राजगीर मिस्त्री हैं। रविवार को वह आइमा जहनियां गांव अपनी ससुराल गए थे। रात लगभग 8 बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में अरखा प्लाई फैक्टरी के पास डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। वह हेलमेट नहीं पहने थे। इससे उनके साथ में गंभीर चोटें आईं।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा किया और फैक्टरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग डंपरों की अवैध पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को जेल भेजने की धमकी दे दी। इससे लोग आक्रोशित हो गए और दरोगा के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि बाद में पुलिस ने सभी को समझाकर शांत कराया और घायल को इलाज के लिए सीएचसी भेजा जहां उसे एम्स रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क पर अवैध पार्किंग करने वाले डंपरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद