आम जनता को अच्छे कार्य करने की नसीहत देने वाले पुलिस कर्मी चंद रुपयों की खातिर न सिर्फ खाकी को दागदार कर रहे हैं, बल्कि जुआ तक खिला रहे हैं। सरेनी थाने के भोजपुर चौकी इंचार्ज विजेंद्र कुमार सिंह और दो सिपाही की शह पर जुआ खिलाने का मामला सामने आने पर एसपी ने तीनोें को सस्पेंड कर दिया है।
साथ ही इसकी विभागीय जांच भी शुरू करा दी है। इस कार्रवाई से महकमें में हड़कंप मचा हुआ है। सरेनी थाना क्षेत्र के कस्बा भोजपुर स्थित धीरज कुमार के मकान में जुआं खेला जा रहा था। 10 जून को सीओ लालगंज ने छापा मारा था। छापे के दौरान सीओ ने 17 जुआरियों को पकड़ा था। भोजपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत जुआ खेला जा रहा था।
चौकी इंचार्ज विजेंद्र कुमार सिंह और सिपाही प्रमोद कुमार गुप्ता और धनराज सोनकर को इसकी जानकारी भी थी। बावजूद चंद रुपयों की खातिर पुलिस कर्मी जुआ खिलवा रहे थे। इसकी जानकारी एसपी को नहीं दी गई थी। न ही कोई कार्रवाई की गई थी।
एसपी गौरव सिंह ने पूरे प्रकरण की जांच सीओ लालगंज से कराई। जांच रिपोर्ट में चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों की लापरवाही उजागर हो गई। इस पर तीनों को संस्पेंड कर दिया गया। एसपी गौरव सिंह का कहना है कि चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
जुआ का अड्डा इनके क्षेत्र में चल रहा था। इसकी न तो जानकारी दी गई और न ही कार्रवाई की गई। इनकी विभागीय जांच भी कराई जा रही है।