रायबरेली। प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस का इंजन शुक्रवार सुबह रायबरेली स्टेशन पर फेल हो गया। इससे करीब सवा घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। इंजन बदलने की प्रक्रिया के चलते सभी लाइनें व्यस्त रहीं, जिससे रायबरेली से रघुराज सिंह स्टेशन जाने वाली पैसेंजर को एक घंटे देरी से रवाना किया गया। प्लेटफॉर्म खाली न होने से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस दरियापुर स्टेशन पर करीब एक घंटे तक रोकी गई।
प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस करीब पौन घंटे विलंब से शुक्रवार सुबह 4:33 बजे रायबरेली पहुंची, लेकिन रवाना होने लगी तो इंजन फेल हो गया। काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिली तो दूसरा इंजन लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इंजन बदलने के लिए आसपास की लाइनों को व्यस्त रखना पड़ा।
दूसरा इंजन लगने के बाद 5:55 बजे ट्रेन रवाना हुई। इससे यह ट्रेन करीब दो घंटे लेट हो गई। इंजन बदलने की प्रक्रिया के दौरान रायबरेली से दूसरी ट्रेनों की संचालन नहीं हो सका।
रायबरेली-रघुराज सिंह पैसेंजर एक घंटे विलंब से सुबह लगभग छह बजे रवाना हुई। इसी बीच शक्ति नगर से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस भी रायबरेली आने वाली थी, लेकिन रायबरेली में प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस खड़ी थी।
प्लेटफॉर्म खाली न होने के कारण त्रिवेणी एक्सप्रेस को दरियापुर में एक घंटे रोका गया। इससे त्रिवेणी एक्सप्रेस सवा घंटे विलंब से पहुंची। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से दिक्कत आई।